काशीपुर। कुंडेश्वरी रोड पर श्री गुरु नानक स्कूल के सामने और आगे अपना घर सोसायटी के बराबर में सड़क किनारे जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। लंबे समय से जमा कूड़े के कारण क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है।

कूड़े के ढेर सड़क के किनारे फैले होने के कारण स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में बदबू के कारण लोगों का निकलना भी मुश्किल हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले में कूड़ा जमा होने से बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। गंदगी के कारण मच्छर एवं अन्य कीट-पतंगों का प्रकोप बढ़ने की आशंका है, जिससे आसपास के लोगों के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है।

क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए सड़क किनारे जमा कूड़े को हटवाने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और खुले में कूड़ा डालने पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्कूल के सामने सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों और राहगीरों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण मिल सके।

क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि संबंधित विभाग जल्द कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करेगा।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





