जसपुर। क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर जनप्रतिनिधियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जिला पंचायत सदस्य चरनजीत सिंह चन्नी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जसपुर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार किए जाने की मांग की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद हसन भी उनके साथ मौजूद रहे।
अधिशासी अभियंता, यूपीसीएल विद्युत विभाग, जसपुर को सौंपे गए ज्ञापन में चरनजीत सिंह चन्नी ने कहा कि जसपुर क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घंटों बिजली गुल रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं किसानों, मजदूरों और गरीब परिवारों को भी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति नियमित की जानी चाहिए। साथ ही बार-बार बिजली कटौती के नाम पर जनता को परेशान न किए जाने की मांग की गई।

जिला पंचायत सदस्य ने चेतावनी दी कि यदि 17 अगस्त 2026 तक विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो इसके बाद विद्युत विभाग के कार्यालय जसपुर में लगातार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्युत विभाग एवं अधिकारियों की होगी।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद हसन ने भी बिजली कटौती की समस्या को गंभीर बताते हुए जनहित में तत्काल समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
चरनजीत सिंह चन्नी ने कहा कि “जनता को निर्बाध बिजली देना सुविधा नहीं, जिम्मेदारी है।” उन्होंने विद्युत विभाग से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





