बाजपुर। नगर पंचायत महुआखेड़ागंज के चेयरमैन रिज़वान अहमद ने आज अपने साथियों के साथ बाजपुर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर 64-बाजपुर विधानसभा क्षेत्र के महुआखेड़ागंज में कथित रूप से ऑनलाइन फर्जी आपत्तियां दर्ज कराकर 273 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का मुद्दा उठाया।
इस दौरान चेयरमैन रिज़वान अहमद ने एसडीएम के पेशकार संदीप चौहान को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि जिन मतदाताओं के नाम पर फर्जी आपत्तियां दर्ज कर उनके वोट काटे गए हैं, उन सभी आपत्तियों को तत्काल निरस्त किया जाए तथा संबंधित 273 मतदाताओं के नामों का शुद्धिकरण कर पुनः मतदाता सूची में जोड़ा जाए।
चेयरमैन रिज़वान अहमद ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए और यदि फर्जी आपत्तियों के माध्यम से मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रभावित मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में बहाल नहीं किए गए तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





