काशीपुर। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल, जिला काशीपुर ने कोतवाली पुलिस को ज्ञापन सौंपकर दो गायों की मौत के मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार, 5 जून 2026 की रात करीब 12:20 बजे मानपुर रोड स्थित प्रकाश सिटी के पास एक डंपर चालक ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी एक गाय को टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद गाय को करीब 60 कदम तक घसीटा गया। इसके बाद लगभग 100 कदम की दूरी पर खड़ी दूसरी गाय को भी डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई।

विहिप-बजरंग दल का आरोप है कि यह मात्र दुर्घटना नहीं बल्कि सोच-समझकर किया गया कृत्य प्रतीत होता है। घटना की सूचना मिलने पर जिला गो-रक्षा पदाधिकारी एवं संगठन के अन्य कार्यकर्ता रात में मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस ने डंपर चालक को अपने साथ ले लिया।
संगठन ने कहा है कि इस घटना से हिंदू संगठनों में भारी रोष है। यदि आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन में पुलिस प्रशासन से आरोपी डंपर चालक के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





