राधे हरि महाविद्यालय के सामने हुआ हादसा, कई छात्र-छात्राएं घायल; पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर शुरू की जांच
काशीपुर। शहर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। राधे हरि महाविद्यालय के सामने एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने स्कूटी सवार छात्र-छात्राओं को टक्कर मार दी। हादसे में कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल घायलों की मदद करते हुए उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी अधिक थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दुर्घटना हो गई।
घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है, जिसमें पूरा घटनाक्रम स्पष्ट दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय छात्रों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि महाविद्यालय के दोनों ओर बने स्पीड ब्रेकर काफी समय से क्षतिग्रस्त और घिस चुके हैं। उनकी ऊंचाई कम होने के कारण वाहन चालक यहां गति धीमी नहीं करते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों का आरोप है कि कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कॉलेज क्षेत्र में नए स्पीड ब्रेकर बनाने, चेतावनी संकेतक लगाने और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





