काशीपुर – गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव: भाजपा प्रत्याशी सचिन बाटला के समर्थन में उतरे अभिनेता किशोर भानुशाली और महापौर दीपक बाली

Share this news

KASHIPUR SAMAY NEWS

Share this news

काशीपुर संवाददाता।गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव में अब राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। भाजपा प्रत्याशी सचिन बाटला के समर्थन में गुरुवार को फिल्म जगत के प्रसिद्ध अभिनेता किशोर भानुशाली और काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया। दोनों नेताओं ने घर-घर जाकर जनता से संवाद किया और भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।


जनसंपर्क अभियान के दौरान अभिनेता किशोर भानुशाली का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि गढ़ीनेगी क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और जनहित के कार्यों को गति देने के लिए सचिन बाटला को जनता का भरपूर समर्थन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की विकासपरक नीतियों का लाभ क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए एक मजबूत और जनसेवा के प्रति समर्पित नेतृत्व की आवश्यकता है।
किशोर भानुशाली ने मतदाताओं से मतदान दिवस पर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि गढ़ीनेगी की जनता विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान करेगी।


वहीं काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने भी चुनाव प्रचार में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विभिन्न मोहल्लों और बस्तियों में जनसंपर्क किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर भाजपा की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता के सामने रखा। दीपक बाली ने कहा कि जिस प्रकार काशीपुर में सड़क, सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास कार्य किए गए हैं, उसी प्रकार गढ़ीनेगी को भी विकास की नई पहचान दिलाने के लिए भाजपा प्रत्याशी सचिन बाटला को विजयी बनाना आवश्यक है।


महापौर दीपक बाली ने कहा कि भाजपा की विकासवादी सोच, पारदर्शी कार्यशैली और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ क्षेत्र को तभी पूरी तरह मिल सकेगा जब जनता भाजपा प्रत्याशी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएगी। उन्होंने कहा कि गढ़ीनेगी को एक आदर्श नगर पंचायत बनाने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है।


प्रचार अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, लोगों से संपर्क साधा और भाजपा की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।


गौरतलब है कि किशोर भानुशाली हिंदी फिल्म जगत का एक चर्चित नाम हैं। अपने विशिष्ट अभिनय और लोकप्रिय शैली के कारण उन्हें “जूनियर देवानंद” के नाम से भी जाना जाता है। उनके चुनाव प्रचार में शामिल होने से भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ गया है और चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है। उधर भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल और पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंघलभी भाजपा प्रत्याशी को चुनाव जिताने में दिन-रात एक किए हुए हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता जसवीर सिंह सैनी नामांकन के दिन से ही भाजपा प्रत्याशी सचिन बाढला के चुनाव की कमान संभाले हुए हैं वही भाजपा जिला प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश चावला एवं उनकी पूरी मंडली गढीनेगी में भाजपा का कमल खिलाने के लिए दिन रात जुटी हुई है।
अब देखना यह होगा कि भाजपा के पक्ष में उतर रहे बड़े चेहरों और लगातार चल रहे जनसंपर्क अभियान का चुनावी परिणामों पर कितना प्रभाव पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!