रामनगर/काशीपुर|- उत्तराखंड में अनेक धर्मों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं और समय-समय पर आपसी सहयोग व सद्भाव की मिसाल पेश करते हैं। ऐसी ही एक प्रेरक कहानी सामने आई है रामनगर से, जहां उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर निवासी 70 वर्षीय मोहम्मद उमर वर्षों से हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां बेचकर भाईचारे का संदेश दे रहे हैं।
हिंदू धर्म में शिवरात्रि, गणेश चतुर्थी, दुर्गा पूजा और बैकुंठ चतुर्दशी जैसे पर्वों पर बड़े धार्मिक आयोजन और मेले लगते हैं। इन मेलों में सभी धर्मों के व्यापारी, कारीगर और काश्तकार अपने-अपने उत्पादों के साथ हिस्सा लेते हैं, जो सामाजिक सौहार्द का सुंदर उदाहरण बनते हैं।
नैनीताल जिले के रामनगर में रहने वाले मोहम्मद उमर, मूल रूप से काशीपुर (उधम सिंह नगर) के निवासी हैं। वे कई वर्षों से मेलों और बाजारों में राम दरबार, शिव परिवार, मां दुर्गा, खाटू श्याम और गणपति महाराज की सुंदर मूर्तियां बेचते आ रहे हैं। दूर-दराज़ से लोग उनके पास ऑर्डर देने और मूर्तियां खरीदने भी पहुंचते हैं।
मोहम्मद उमर बताते हैं कि वे ये मूर्तियां मथुरा, आगरा और मेरठ जैसे शहरों से मंगवाते हैं। उनकी दुकान पर 100 रुपये से लेकर 1200 रुपये तक की मूर्तियां उपलब्ध रहती हैं, जिन्हें श्रद्धालु पूरे सम्मान और आस्था के साथ खरीदते हैं।
मोहम्मद उमर का कहना है, “मैं हर धर्म का सम्मान करता हूं। भाईचारे के साथ रहना मुझे पसंद है और यह काम मुझे आत्मिक खुशी देता है। मेरे पास आने वाला हर ग्राहक मुझे बहुत प्यार और सम्मान देता है।”
यह कहानी न सिर्फ व्यापार की, बल्कि आपसी सौहार्द, सम्मान और इंसानियत की भी एक सशक्त मिसाल है।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
