गणतंत्र दिवस पर काशीपुर के मुख्य चौराहे से गायब रहा तिरंगा, प्रशासनिक लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल

Share this news

KASHIPUR SAMAY NEWS

Share this news

काशीपुर। काशीपुर के महाराणा प्रताप चौक पर लंबे समय से फहरा रहा राष्ट्रीय ध्वज प्रशासनिक अनदेखी का शिकार हो गया। गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर पुराने ध्वज को उतारकर नया तिरंगा फहराया जाना था, लेकिन नगर निगम और प्रशासन की लापरवाही के चलते आज तक नया राष्ट्रीय ध्वज नहीं लगाया जा सका।


हैरानी की बात यह है कि 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्व पर भी काशीपुर के सबसे प्रमुख चौराहे पर तिरंगा नजर नहीं आया। इतना ही नहीं, 27, 28 और 29 जनवरी को भी हालात जस के तस बने रहे। जब पूरा देश तिरंगे के सम्मान में उत्सव मना रहा था, उस दौरान मुख्य चौराहे से राष्ट्रीय ध्वज का गायब रहना प्रशासनिक उदासीनता को साफ तौर पर उजागर करता है।


राष्ट्रीय ध्वज का इस तरह अनुपस्थित रहना न केवल व्यवस्था की खामियों को उजागर करता है, बल्कि देशभक्ति के दावों पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष व्याप्त है और वे जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


अब बड़ा सवाल यह है कि इस गंभीर चूक का जिम्मेदार कौन है—नगर निगम, स्थानीय प्रशासन या संबंधित विभाग?
क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!