हल्द्वानी ज्वेलरी चोरी: सवा करोड़ की वारदात, यूपी तक फैली जांच – Big Jewellery Robbery in Haldwani: ₹1.25 Crore Loot, UP Police on Trail

Share this news

काशीपुर समय हिन्दी समाचार पत्र एवं पोर्टल

Share this news

काशीपुर समय शहरयार आसिम
हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स की शॉप से सवा करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी के मामले में नैनीताल जिला पुलिस की जांच तेज हो गई है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में डेरा डाले हुए हैं।


30 से अधिक पुलिसकर्मी जांच में जुटे
एसएसपी मंजू नाथ टीसी के निर्देश पर 30 से अधिक तेजतर्रार पुलिसकर्मियों को इस हाईप्रोफाइल चोरी के खुलासे में लगाया गया है। सर्विलांस, सीडीआर, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं।


सीसीटीवी फुटेज से जोड़ी जा रही कड़ियां
एक विशेष टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि उन्हें कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


दो दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ
अब तक पुलिस दो दर्जन से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी है। जैसे-जैसे नए इनपुट मिल रहे हैं, उसी दिशा में टीमों को रवाना किया जा रहा है।


कई चोरों के शामिल होने की आशंका
शुरुआती जांच में पुलिस ने पांच लोगों के शामिल होने की आशंका जताई थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ ही आरोपियों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।


250 रुपये में ऑटो बुक कर पहुंचे थे आरोपी
घटना वाली रात आरोपी मुखानी से ऑटो बुक कर सिंधी चौराह पहुंचे थे। सामान्य तौर पर इस रूट का किराया 200 रुपये होता है, लेकिन चोरों ने 250 रुपये दिए। पुलिस ऑटो चालक से पूछताछ कर रही है।


संदिग्धों के आधार कार्ड बरामद
पुलिस को कुछ संदिग्धों के आधार कार्ड भी मिले हैं, जो उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि ये आधार कार्ड असली हैं या फर्जी।


रुद्रपुर की पुरानी चोरी से मिलान
पुलिस वर्ष 2023 में रुद्रपुर में हुई इसी तरह की ज्वेलरी चोरी से भी इस मामले को जोड़कर देख रही है। दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज का आपस में मिलान किया जा रहा है।


पुलिस का दावा: जल्द होगा खुलासा
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आधा दर्जन से अधिक टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।

Uttarakhand News Haldwani Jewellery Theft

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!