काशीपुर – जब शहर सोने की तैयारी में था, तब सड़क पर खड़े होकर पुलिया निर्माण करा रहे थे महापौर दीपक बाली

Share this news

काशीपुर समय हिन्दी समाचार पत्र एवं पोर्टल

Share this news

रेलवे स्टेशन रोड की दशकों पुरानी जलभराव समस्या का स्थायी समाधान, 45 दिन का काम मात्र 4 दिन में पूरा कराने की पहल

काशीपुर शहरयार आसिम
काशीपुर – जब पूरा शहर कड़कड़ाती ठंड में भोजन कर विश्राम की तैयारी में था, उसी समय जनसेवक महापौर दीपक बाली रेलवे स्टेशन रोड पर खड़े होकर वर्षों पुरानी जलभराव समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठा रहे थे। दुकानदारों और आम जनता से किए गए अपने वादे को निभाते हुए महापौर ने राधेश्याम बिल्डिंग के सामने पुलिया निर्माण कार्य का शिलान्यास कर दिया।

रेलवे स्टेशन रोड पर पुराने स्टेट बैंक के सामने रेलवे की ओर से आने वाला पानी वर्षों से सड़क पर भर जाता था, जिसकी निकासी का कोई स्थायी प्रबंध नहीं था। इसके कारण स्टेशन रोड और आसपास के क्षेत्र में भारी जलभराव होता था, जिससे व्यापारियों और राहगीरों को गंभीर असुविधा झेलनी पड़ती थी।

इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर दीपक बाली ने क्षेत्रीय व्यापारियों और जनता को आश्वस्त किया था कि इसका स्थायी समाधान अवश्य कराया जाएगा। उसी वादे को निभाते हुए बुधवार रात लगभग 8 बजे महापौर स्वयं मौके पर पहुंचे और जेसीबी से खुदाई शुरू कराकर नारियल फोड़कर पुलिया निर्माण का शिलान्यास किया।

विशेष बात यह है कि सामान्यतः डेढ़ माह में बनने वाली इस पुलिया को महज 4 दिनों में तैयार किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के सहयोग से फैब्रिकेटेड ब्लॉक पहले ही तैयार कर मंगवा लिए गए हैं, ताकि हाईवे पर यातायात और जनता को न्यूनतम परेशानी हो।

महापौर के मौके पर पहुंचने पर स्टेशन रोड के व्यापारियों और स्थानीय जनता ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और आभार जताया। लोगों ने कहा कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का समाधान किसी ने नहीं किया, लेकिन महापौर दीपक बाली ने जो कहा, उसे करके दिखाया।



इस अवसर पर महापौर ने कहा कि वे शहर की जनता की सेवा के लिए आए हैं और काशीपुर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में गंदे नालों पर हुए अतिक्रमण हटाकर सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसमें जनता का सहयोग बेहद आवश्यक है, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कूड़ा गाड़ी अब हर वार्ड में घर-घर पहुंच रही है, इसलिए लोग सड़कों पर कूड़ा न फेंकें और शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में सहयोग करें।

शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित रहे:
वरिष्ठ भाजपा नेता ईश्वर चंद्र गुप्ता, चौधरी समरपाल सिंह, लोक निर्माण विभाग के एई परवेज आलम, जेई विजय सैनी, ठेकेदार साजिद नदीम सहित क्षेत्र के व्यापारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!