काशीपुर समय शहरयार आसिम
शहर में स्वच्छता नियमों को ठेंगा दिखाते हुए खुलेआम कूड़ा जलाने का मामला सामने आया। उसी दौरान क्षेत्र से गुजर रहे महापौर दीपक बाली की नजर इस अव्यवस्था पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। महापौर ने संबंधित लोगों को मौके पर ही तलब कर सख्त हिदायत दी।
पहली गलती पर माफी, जुर्माने की जगह जागरूकता की सजा
पहली बार नियमों का उल्लंघन करने पर महापौर ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जुर्माना नहीं लगाया। इसके बजाय उन्होंने अनोखी सजा सुनाई। पकड़े गए लोगों को निर्देश दिए गए कि वे कम से कम 10-10 लोगों को कूड़ा न जलाने के लिए जागरूक करेंगे और स्वच्छता का संदेश फैलाएंगे।
“खुद नहीं सुधरेंगे तो शहर कैसे साफ होगा”
महापौर दीपक बाली ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक लोग खुद अपनी आदतें नहीं बदलेंगे, तब तक कोई भी व्यवस्था शहर को स्वच्छ नहीं बना सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई से नहीं, बल्कि जनसहयोग से ही स्वच्छ शहर का सपना साकार होगा।
अब नहीं चलेगी ढिलाई, सख्त कार्रवाई तय
महापौर ने चेतावनी दी कि आगे से खुले में कूड़ा फेंकने और कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
कूड़ा गाड़ी में ही डालें घर और दुकान का कचरा
महापौर ने नागरिकों से अपील की कि घरों और दुकानों का कचरा नगर निगम की कूड़ा गाड़ी में ही डालें। सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
इंदौर दौरे के बाद एक्शन मोड में महापौर
स्वच्छता के मॉडल शहर इंदौर के दौरे से लौटे महापौर दीपक बाली पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने कहा कि इंदौर की तर्ज पर काशीपुर को भी स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जाएगा

व्यापार मंडल से विशेष आह्वान
महापौर ने व्यापार मंडल से अपील की कि बाजारों में मुनादी कराकर दुकानदारों को अतिक्रमण न करने के लिए प्रेरित करें, जिससे बाजार व्यवस्थित और स्वच्छ रह सकें।
नालियों पर पक्के स्लैब हटाकर लोहे के जाल लगाने के निर्देश
महापौर ने कहा कि नालियों पर रखे पक्के स्लैब हटाकर उनकी जगह लोहे के जाल लगाए जाएं, ताकि सफाई व्यवस्था बेहतर हो और जलभराव की समस्या से निजात मिले।
स्वच्छ काशीपुर के लिए जनभागीदारी जरूरी
महापौर ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ काशीपुर अभियान तभी सफल होगा जब प्रशासन, व्यापारी और आमजन मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। लापरवाही बरतने वालों को अब किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
