महापौर दीपक बाली का भोपाल दौरा: सांची से सीखी विरासत संरक्षण की तकनीक, स्मार्ट सिटी मॉडल ने खींचा ध्यान

Share this news

काशीपुर समय शहरयार आसिम

काशीपुर। काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखंड द्वारा आयोजित चार दिवसीय एक्सपोजर विजिट के दूसरे दिन भोपाल में विभिन्न विकास परियोजनाओं का अध्ययन किया। इस दौरान उन्होंने विरासत संरक्षण, सौंदर्यीकरण, स्मार्ट सिटी प्रबंधन और तकनीकी नवाचारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मॉडल को करीब से समझा।

महापौर बाली ने सबसे पहले विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक विरासत स्थल सांची स्तूप का भ्रमण किया। यहां उन्होंने सौंदर्यीकरण, संरक्षण और प्रबंधन की कार्यप्रणाली का गहराई से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सांची में अपनाया गया व्यवस्थित विकास मॉडल नगर नियोजन और विरासत संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसे काशीपुर में लागू कर शहर के सौंदर्यीकरण को नई दिशा दी जा सकती है।

इसके बाद महापौर दीपक बाली नगर निगम भोपाल पहुंचे, जहां महापौर मालती राय और नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। काशीपुर की सांस्कृतिक पहचान ऐपन कला भेंट कर महापौर बाली ने भोपाल निगम का सम्मान किया और सत्कार के लिए आभार व्यक्त किया।

दिन के अगले चरण में महापौर बाली ने स्मार्ट सिटी भोपाल का विस्तृत भ्रमण किया। उन्होंने स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम, वेस्ट मैनेजमेंट, डिजिटल सर्विस इंटीग्रेशन, मॉनिटरिंग सिस्टम और नागरिक सुविधाओं की आधुनिक व्यवस्था को नजदीक से देखा। महापौर बाली ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स के सफल मॉडल उत्तराखंड के शहरों में आधुनिक, सुगम और नागरिक हितैषी व्यवस्था विकसित करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य उत्तराखंड के शहरी निकायों को आधुनिक तकनीक और सफल शहरी प्रबंधन से जोड़ना है, जिससे भविष्य में विकास योजनाओं को और मजबूत तथा प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!