काशीपुर समय शहरयार आसिम
काशीपुर। परिवहन विभाग ने नियमों की अनदेखी कर मार्गों पर फर्राटा भरने वाले वाहन चालकों पर कड़ा रुख अपनाते हुए बुधवार को व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने 24 वाहनों का चालान किया, जबकि दस्तावेजों की कमी और फिटनेस न होने पर तीन वाहनों को सीज कर दिया गया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) संदीप वर्मा के नेतृत्व में रामनगर रोड, मुरादाबाद रोड, बाजपुर रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर चेकिंग की गई। कार्रवाई के दौरान ई-रिक्शा, ट्रकों समेत कई वाहन मानकों के विरुद्ध चलते हुए पकड़े गए, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
विभाग ने पाया कि कई वाहन बिना फिटनेस, बिना पंजीयन, बिना आवश्यक प्रपत्रों के सड़कों पर दौड़ रहे थे। वहीं, कई ई-रिक्शा चालक निर्धारित क्षमता के अनुसार सवारी ढोने के बजाय भारी सामान ले जाते मिले, जो नियमों के खिलाफ है।
एआरटीओ संदीप वर्मा ने बताया कि दस्तावेजों की अनिवार्यता और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चालकों को हिदायत दी गई है कि वे आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें और यातायात नियमों का पालन करते हुए ही मार्ग पर वाहन चलाएं।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
