काशीपुर समय शहरयार आसिम
काशीपुर।– अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर जसपुर खुर्द स्थित वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार मिश्रा के चेंबर सभागार में रविवार को एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “मानवाधिकार दिवस का महत्व” रहा, जिसमें वक्ताओं ने मानव गरिमा, समानता और स्वतंत्रता की रक्षा को सर्वोपरि बताया।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि 10 दिसंबर 1948 को पेरिस में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा मानवाधिकारों की सार्वभौमिक घोषणा को अंगीकार किया गया। यह दिवस केवल औपचारिकता का प्रतीक नहीं बल्कि मानव इतिहास की उन लंबी संघर्ष यात्रा, त्याग और प्रयासों की याद है जिनका उद्देश्य मानवता की गरिमा की रक्षा था।
मिश्रा ने कहा कि विश्व के उन क्षेत्रों में जहां मानव गरिमा सुरक्षित नहीं है, वहां किसी भी सभ्यता की सुरक्षा संभव नहीं है। कई देशों में महिलाओं पर लगाए जाने वाले प्रतिबंध स्पष्ट रूप से मानवाधिकार उल्लंघन का उदाहरण हैं। उन्होंने भारतीय संविधान का हवाला देते हुए कहा कि अनुच्छेद 14 से 18 समानता, अनुच्छेद 19 और 22 स्वतंत्रता, तथा अनुच्छेद 25 से 28 धार्मिक स्वतंत्रता प्रदान करते हैं। वहीं अनुच्छेद 21 को न्यायपालिका ने मानवाधिकार की आत्मा माना है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय संस्कृति में मानवाधिकारों की भावना नई नहीं है, बल्कि प्राचीन भारतीय सभ्यता का मूल सिद्धांत “संपूर्ण पृथ्वी एक परिवार” इसी विचार का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से मानवाधिकार और समानता की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
गोष्ठी का संचालन कर रहे एडवोकेट भास्कर त्यागी ने कहा कि नागरिक स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा जैसे शब्द तब औपचारिक हो जाते हैं जब अनेक देशों में महिलाओं, नागरिकों और बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन होता है। जब नागरिक असहाय और मौन कर दिए जाते हैं, तब मानवाधिकार बिखर जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान “मानवाधिकार जिंदाबाद” के नारे भी लगाए गए और उपस्थितजनों ने मानवाधिकार एवं समानता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सैयद आसिफ अली एडवोकेट, देवांग मिश्रा एडवोकेट, कर्तव्य मिश्रा एडवोकेट, विवेक मिश्रा एडवोकेट, नवजोत सिंह एडवोकेट, रहीस अहमद एडवोकेट, सैयद इफरा एडवोकेट, संजीव कुमार एडवोकेट व पंकज कश्यप एडवोकेट सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
