काशीपुर समय शहरयार आसिम
शहर की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ और जनता की पहुंच में और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए महापौर दीपक बाली ने एक ही दिन में चार शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का भव्य उद्घाटन किया। महापौर के इस प्रयास ने “स्वस्थ काशीपुर” अभियान को नई गति प्रदान की है। विभिन्न स्थानों पर आयोजित उद्घाटन कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों ने महापौर का पुष्पमालाओं से स्वागत करते हुए उत्साहपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम में भाग लिया।
उद्घाटन कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित यह पहल शहरवासियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ उनके नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि अब काशीपुर के नागरिकों को सामान्य उपचार और परामर्श के लिए दूसरी जगह भटकना नहीं पड़ेगा।
महापौर ने उद्घाटन क्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे कुमाऊँ कॉलोनी (स्कॉलर्स अकादमी जूनियर हाई स्कूल, मानपुर) से की। इसके पश्चात क्रमशः गढ़वाल सभा रोड (रुद्राक्ष गार्डन के पास, वार्ड संख्या 3, जसपुर खुर्द), वैशाली कॉलोनी (बालाजी मंदिर के पास, खड़कपुर देवीपुर), वार्ड संख्या 11 (गोकुल स्कूल के पास, ढकिया गुलाबो) में शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का शुभारंभ किया गया।
महापौर बाली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से संचालित इन स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाएँ पहले से अधिक बेहतर और आसान होंगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी पूरी कर ली गई है और यह परियोजना शहर के स्वास्थ्य ढांचे को मज़बूत बनाते हुए नागरिकों को सीधा लाभ प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख लोग
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी, चौधरी समरपाल सिंह, पार्षद अनिल कुमार, अंजना आर्य, प्रिंस बाली, अनूप कुमार, अशोक सैनी, राधेश्याम, बृजेश सैनी, कमल कुमार प्रजापति, राजेंद्र सिंह लाड़ी, सचिन ठाकुर, विजयपाल शर्मा, महेश आनंद लाखेड़ा, डॉ. सतीश, सुखदेव, सुभाष चंद्र त्यागी, राजरानी, अनीता रावत, बसंती देवी, अब्दुल सलीम, डॉ. हाफिज, भुवन चंद कांडपाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
