November 25, 2026
file_000000003a3c8211bda8fa1797f62e74
Kashipur Samay News
Share this news

200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई, KTM बाइक से घटना को अंजाम देने के बाद लगातार बदल रहा था ठिकाने

काशीपुर। कुंडेश्वरी रोड स्थित साईं मंदिर में चांदी की मूर्तियां चोरी करने के मामले में काशीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई चांदी के कटे हुए टुकड़े, जिनकी कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है, तथा 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के अन्य साथियों की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2026 की रात्रि कुंडेश्वरी रोड स्थित साईं मंदिर में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चांदी की मूर्तियां चोरी कर ली गई थीं। इस संबंध में वादी मनोज ऐरी पुत्र स्वर्गीय महिपाल सिंह ऐरी, एडमिन साईं पब्लिक स्कूल कुंडेश्वरी रोड, काशीपुर की तहरीर पर 16 सितंबर 2026 को कोतवाली काशीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 415/2026, धारा 305(डी)/331 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति कैमरों में दिखाई दिए। पुलिस टीम ने संदिग्धों का पीछा करते हुए मुरादाबाद, हापुड़ और दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया।

जांच में सामने आया कि संदिग्ध एक KTM ड्यूक बाइक से घटनास्थल के आसपास आते-जाते थे। पुलिस ने बाइक के नंबर की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस टीम ने 18 नवंबर 2026 को आरोपी त्रिलोक सिंह उर्फ शोले पुत्र तीरथ सिंह को थाना कुंडा क्षेत्र में हाईवे को जोड़ने वाली सर्विस रोड के किनारे से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से ग्राम लतीफपुर, थाना हस्तिनापुर, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में शिव विहार, चंद्र विहार, थाना निहाल विहार, दिल्ली में रह रहा था। आरोपी के कब्जे से मुकदमे से संबंधित करीब 65 हजार रुपये कीमत के चांदी के कटे हुए टुकड़े तथा 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में सामने आया चोरी का पूरा घटनाक्रम

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 12 सितंबर की रात साईं मंदिर में चोरी की थी। चोरी की गई संपत्ति को आपस में बांट लिया गया था। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी का तीसरा हिस्सा मंदिर की रेकी कराने वाले व्यक्ति को देने के लिए वह काशीपुर आया था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी त्रिलोक सिंह उर्फ शोले के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें प्रमुख रूप से—

1. मुकदमा संख्या 204/2025, धारा 305(डी)/331(डी)/317(2) बीएनएस, कोतवाली गदरपुर।
2. मुकदमा संख्या 254/2020, धारा 34/379/511, थाना सराय रोहिल्ला, दिल्ली।
3. मुकदमा संख्या 711/2026, धारा 305/307, थाना प्रीत विहार, दिल्ली।

इसके अतिरिक्त दिल्ली के थाना खेड़ा तथा हरियाणा के फरीदाबाद में भी आरोपी के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी

इस सफल कार्रवाई में निम्न पुलिसकर्मी शामिल रहे—

1. उ0नि0 कंचन कुमार पडालिया (विवेचक), चौकी कुंडेश्वरी।
2. उ0नि0 मनोज सिंह धोनी, प्रभारी चौकी कुंडेश्वरी।
3. का0 विरेंद्र सिंह बिष्ट, कोतवाली काशीपुर।
4. का0 नवीन खोलिया, कोतवाली काशीपुर।
5. का0 लक्ष्मण चन्द, कोतवाली काशीपुर।
6. हे0का0 दीपक कुमार, एसओजी काशीपुर।
7. हे0का0 इमरान, एसओजी काशीपुर।
8. का0 गिरीश काण्डपाल, एसओजी काशीपुर।

पुलिस के अनुसार, मामले में फरार दो अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!