
एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देश पर पांच विशेष पुलिस टीमों की ताबड़तोड़ कार्रवाई, मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। जिला चिकित्सालय परिसर में हुए नितेश उर्फ राज जौहरी हत्याकांड में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में गठित पांच विशेष पुलिस टीमों ने घटना के 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इसके बाद जिला चिकित्सालय रुद्रपुर परिसर में दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद और मारपीट हो गई। इसी दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर नुकीली वस्तु से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में दिनेश जौहरी और कमलेश कुमार भी घायल हुए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी।
पुलिस ने 13 नवंबर को आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार को बरेली के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, बरेली से लाते समय थाना पुलभट्टा क्षेत्र में यश पेट्रोल पंप के पास आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, 14 नवंबर को सिडकुल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार पुलिस अब तक इस हत्याकांड में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद
पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास कुमार की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल बरामद किया है। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, घटना से संबंधित टी-शर्ट भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में से तीन को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि शेष दो आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






