
जसपुर। मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित गरीब नवाज वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से जसपुर विधानसभा क्षेत्र के बेलजुड़ी स्थित एक रिसॉर्ट में रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ राज्य मंत्री डॉ. यूनुस चौधरी ने फीता काटकर किया। इस दौरान आयोजकों एवं स्थानीय लोगों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया।
रक्तदान के लिए लोगों में दिखा उत्साह
शिविर में गरीब नवाज वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्यों सहित जसपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में ब्लड सेंटर, राजकीय चिकित्सालय काशीपुर तथा केवीआर हॉस्पिटल के चिकित्सकों की टीम ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

रक्तदान से बचाई जा सकती है अनमोल जिंदगी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति सजग करने के लिए इस तरह के शिविर बेहद महत्वपूर्ण हैं।
आयोजकों के प्रयासों की सराहना, निरंतर सेवा की अपील
डॉ. चौधरी ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, रक्तदाताओं एवं गरीब नवाज वेलफेयर फाउंडेशन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे सामाजिक और जनहितकारी आयोजनों से समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने आमजन से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए रक्तदान करने की अपील की।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






