
काशीपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि लंबे समय से चल रही पटवारियों की हड़ताल का असर छात्रों के भविष्य पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तहसील में आय, जाति, स्थायी, विकलांग, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से जहां एक ओर छात्रवृत्ति और नंदा गौरा योजना के लिए आवेदन करने वाले छात्रों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, वहीं भूमि से संबंधित कार्य और समाज कल्याण के कार्य भी बाधित हो रहे हैं। इसके बावजूद सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही है।
30 नवंबर अंतिम तिथि, प्रमाण पत्र नहीं बनने से बढ़ी छात्रों की चिंता
महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि कई आवेदन पत्रों की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित है। प्रमाण पत्र नहीं बन पाने से विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने से वंचित होने की आशंका है। सरकार को पटवारियों की हड़ताल को तत्काल संज्ञान में लेना चाहिए।
पेंशन और प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित
उन्होंने कहा कि हड़ताल के चलते जहां प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के आवेदन भी अटके पड़े हैं। शैक्षिक प्रवेश के लिए आवश्यक प्रमाण पत्र नहीं बन पाने के कारण छात्रों का भविष्य अधर में लटक रहा है। पटवारियों की रिपोर्ट और जांच आख्या नहीं लगने के कारण प्रमाण पत्रों के आवेदन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।
अमीन संग्रह को नामित करने की मांग
महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में जनता और छात्रों के हितों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि प्रमाण पत्रों के आवेदनों की जांच रिपोर्ट के लिए अमीन संग्रह को नामित किया जाए, जिससे छात्रों और हजारों लोगों को असुविधाओं से बचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और जनमानस के कल्याण के साथ सदैव खड़ी है।


शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






