November 26, 2026
file_00000000c33882308bf66b7653a74f71
Kashipur Samay News
Share this news

काशीपुर के कारीगरों के हुनर को भी पहुंचाया दुनिया तक, सिंगापुर में आयोजित ‘मिसेज इंटरनेशनल’ सीजन-13 में हासिल किया ‘Woman of Substance’ का खिताब

काशीपुर। काशीपुर की समाजसेवी एवं डी-बाली ग्रुप की डायरेक्टर उर्वशी दत्त बाली ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपलब्धि से क्षेत्र और देश का मान बढ़ाया है। सिंगापुर में रॉयल कैरेबियन क्रूज (Royal Caribbean Cruise) पर 13 से 19 नवंबर तक आयोजित प्रतिष्ठित ‘मिसेज इंटरनेशनल’ प्रतियोगिता के सीजन-13 में उन्होंने ‘Woman of Substance’ का खिताब अपने नाम किया। यह सम्मान बाहरी सुंदरता के बजाय उनके मजबूत व्यक्तित्व, उद्देश्यपूर्ण नेतृत्व और समाज सेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए प्रदान किया गया।

सात राउंड की कठिन प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय जूरी ने की सराहना

तीन दिवसीय सिटी टूर और सात विभिन्न राउंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की जूरी में म्यांमार की विन पा पा सोए और पुर्तगाल की डॉ. जीना रोशेल सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल रहे। इसके अलावा दुबई की महक कक्कड़, दिल्ली की कुसुम लता, गोरखपुर की कंचन और दिल्ली की राजलक्ष्मी भी जूरी का हिस्सा रहीं। जूरी सदस्यों ने उर्वशी बाली के सामाजिक सरोकारों, आत्मविश्वास और उद्देश्यपूर्ण सोच की विशेष रूप से सराहना की।

क्रूज की 14वीं मंजिल पर छाया उत्तराखंडी पिछौड़े और नथ का जादू

प्रतियोगिता के विभिन्न राउंड में उर्वशी बाली ने भारतीय संस्कृति और पारंपरिक परिधानों की विविधता को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। उन्होंने उत्तराखंड के पारंपरिक पिछौड़े और नथ के साथ हिमाचली लाल टोपी एवं आभूषण, नागालैंड की स्कर्ट, राजस्थान की चूड़ियां और बरेली की पायल पहनकर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की शानदार झलक पेश की।

क्रूज की 14वीं मंजिल पर जब वह पारंपरिक उत्तराखंडी वेशभूषा और नथ पहनकर पहुंचीं, तो सिंगापुर के स्थानीय नागरिकों और भारतीय मेहमानों ने उनकी जमकर प्रशंसा की। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय संस्कृति और उत्तराखंड की परंपराओं को गर्व के साथ प्रस्तुत करने के लिए उन्हें बधाइयां भी दी गईं।

स्थानीय कारीगरों और युवा फोटोग्राफर के हुनर को मिला वैश्विक मंच

उर्वशी बाली ने अपनी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि को केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि काशीपुर और आसपास के क्षेत्र के हुनरमंद लोगों को भी इस उपलब्धि का भागीदार बनाया।

उनके विशेष परिधान कविता छाबड़ा लाइफस्टाइल द्वारा तैयार किए गए। इन परिधानों को काशीपुर के अलीगंज रोड स्थित अली टेलर, ट्रेंड्स सीडीओ के नीचे स्थित ए टू जेड टेलर, मनप्रीत कौर (अलीगंज रोड बुटीक) और सलीम भाई सहित स्थानीय कारीगरों ने अपनी बारीक कारीगरी से विशेष रूप दिया।

वहीं मेकअप के लिए 40 वर्षों का अनुभव रखने वाले मोनालिसा ब्यूटी पार्लर और 30 वर्षों का अनुभव रखने वाली प्रीति कपूर (खूबसूरत ब्यूटी पार्लर) का मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा।

इसके साथ ही उन्होंने रामनगर के युवा फोटोग्राफर सुबोध राणा को पहली बार सिंगापुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने का अवसर प्रदान किया। उनके काम की भी सभी ने खूब सराहना की। इस प्रकार उर्वशी बाली ने अंतरराष्ट्रीय मंच के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, ब्यूटी विशेषज्ञों और युवा प्रतिभाओं के हुनर को दुनिया तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया।

बेसहारा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित है यह उपलब्धि

अपनी सफलता पर उर्वशी दत्त बाली ने कहा, “मेरा पिछौड़ा, मेरी नथ और यह अंतरराष्ट्रीय ताज केवल मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की जीत है। 52 वर्ष की उम्र में इस मंच पर उतरने का मेरा उद्देश्य केवल प्रतियोगिता जीतना नहीं था। मैं उन बच्चों की आवाज अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना चाहती थी, जो माता-पिता के स्नेह से वंचित हैं, परित्यक्त हैं अथवा कानूनी और पारिवारिक उलझनों से जूझ रहे हैं। मेरा सपना ऐसे बच्चों को सहारा देकर उन्हें आत्मनिर्भर और उनका भविष्य उज्ज्वल बनाना है।”

उन्होंने बताया कि वह जल्द ही उत्तराखंड में भी एक बड़े मंच का आयोजन करेंगी, जिससे स्थानीय एवं ग्रामीण महिलाओं को अपनी कला, पारंपरिक परिधानों और आभूषणों को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिल सके।

उर्वशी बाली की यह उपलब्धि इस बात का संदेश है कि उम्र कभी भी सपनों की राह में बाधा नहीं बनती। जब उद्देश्य समाज की सेवा और जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव लाने का हो, तो सफलता का ताज केवल सिर की शोभा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और प्रेरणा का प्रतीक बन जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!