November 26, 2026
IMG-20261120-WA0001
Kashipur Samay News
Share this news

काशीपुर। कोतवाली आईटीआई पुलिस ने पत्नी और दो बच्चों पर जानलेवा हमला करने तथा उन्हें कार में डालकर ले जाने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार खुखरी, वारदात में इस्तेमाल कार और पीड़ित परिवार के सामान से भरे दो बैग बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्राम खड़कपुर देवीपुरा निवासी सचिन कुमार ने कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर बताया कि 18 नवंबर 2026 की रात करीब 9 से 9:10 बजे के बीच उनकी पत्नी रिंकी का फोन आया। उन्होंने बताया कि संजय नाम का व्यक्ति उन पर और बच्चों पर हमला कर रहा है। इसके बाद फोन बंद हो गया। घर पहुंचने पर मुख्य गेट के बाहर रेप, बरामदे, लॉबी, बैठक और कमरे में खून बिखरा मिला। किरायेदारों से पूछताछ में पता चला कि चीख-पुकार सुनकर वे सीढ़ियों की ओर आए थे। उस समय रिंकी और दोनों बच्चे घायल अवस्था में गेट पर थे तथा एक व्यक्ति उन्हें दो बैगों के साथ कार में बैठाकर ले जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घायल महिला और दोनों बच्चों को उपचार के लिए केवीआर अस्पताल, काशीपुर में भर्ती कराया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संजय कुमार पुत्र डालचंद निवासी मोहल्ला अंबेडकर नगर, डिलारी, जनपद मुरादाबाद ने कथित रूप से घर में घुसकर साथ चलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने धारदार खुखरी से महिला की गर्दन तथा बच्चों के मुंह, गर्दन और उंगलियों पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।



पुलिस के मुताबिक, आरोपी का महिला से पूर्व परिचय था और दोनों के बीच रुपये का लेन-देन भी होता था। आरोपी ने मई 2026 में लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाण पत्र भी बनवाया था। महिला द्वारा तलाक की प्रक्रिया शुरू किए जाने और आरोपी के साथ जाने से इनकार करने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था।

पुलिस ने 19 नवंबर 2026 को पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी संजय कुमार के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 467/26, धारा 109(1), 332(c) एवं 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट व फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी सर्विलांस की सहायता से आरोपी की तलाश की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार खुखरी, यूपी-12-एएस-7834 नंबर की कार तथा पीड़ित परिवार के सामान से भरे दो बैग बरामद किए गए। बरामद सामान में महिला और बच्चों के कपड़े, दस्तावेज तथा अन्य सामान शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी

1. उपनिरीक्षक अरविंद बहुगुणा
2. उपनिरीक्षक बसंत पंत
3. उपनिरीक्षक हरविंदर कुमार
4. अपर उपनिरीक्षक दीपक चौहान
5. हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन
6. कांस्टेबल दीपक जोशी
7. कांस्टेबल रमेश बंग्याल
8. कांस्टेबल धर्मेंद्र भारती

पुलिस की इस कार्रवाई को मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!