November 17, 2026
file_00000000f0108211bae8ca18bce53043
Kashipur Samay News
Share this news

महापौर दीपक बाली के समर्थन में एकजुट हुए पार्षद, बोर्ड बैठक में ठेका निरस्त करने का प्रस्ताव लाने की घोषणा

काशीपुर।-एमएसडब्ल्यूएम कंपनी द्वारा नगर निगम के पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मचारियों) को दीपावली के अवसर पर वेतन एवं बोनस का भुगतान नहीं किए जाने को लेकर नगर निगम के पार्षदों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। इस मामले में पार्षदों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और महापौर दीपक बाली द्वारा कंपनी का ठेका निरस्त करने की कार्रवाई शुरू किए जाने का एक स्वर में समर्थन किया। पार्षदों ने स्पष्ट कहा कि पर्यावरण मित्रों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनके सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए पूरा नगर निगम उनके साथ खड़ा है।

कंपनी को भुगतान के बावजूद कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन और बोनस

प्रेस वार्ता में पार्षदों ने आरोप लगाया कि एमएसडब्ल्यूएम कंपनी को नगर निगम द्वारा पहले ही चेक के माध्यम से भुगतान किया जा चुका था, इसके बावजूद कंपनी ने पर्यावरण मित्रों को दीपावली पर वेतन और बोनस नहीं दिया। कंपनी अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय भुगतान न होने का आरोप नगर निगम और महापौर पर लगा रही है, जो पूरी तरह निराधार है।

पार्षदों ने कहा कि निगम और कंपनी के बीच हुए अनुबंध में स्पष्ट प्रावधान है कि कंपनी द्वारा संबंधित बिल प्रस्तुत किए जाने के बाद ही भुगतान किया जाएगा। कंपनी ने अभी तक सितंबर माह का ही बिल प्रस्तुत किया है, जबकि अक्टूबर माह का बिल भी निगम को नहीं दिया गया है। इसके बावजूद निगम द्वारा नियमानुसार भुगतान किया गया है। ऐसे में कर्मचारियों को वेतन न देना पूरी तरह कंपनी की जिम्मेदारी और लापरवाही है।

20 साल के अनुबंध पर भी उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

पार्षदों ने कंपनी के साथ वर्ष 2024 में हुए 20 वर्ष के अनुबंध पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतने लंबे समय के लिए ठेका दिया जाना अपने आप में गंभीर विषय है। उस समय वर्तमान नगर निगम बोर्ड अस्तित्व में नहीं था और तत्कालीन अधिकारियों के कार्यकाल में यह अनुबंध किया गया था।

पार्षदों ने कहा कि कंपनी की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी तथा अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसका ठेका निरस्त किया जाना चाहिए।

पर्यावरण मित्र नगर निगम के हाथ-पांव, त्योहार पर वेतन रोकना दुर्भाग्यपूर्ण

पार्षदों ने कहा कि पर्यावरण मित्र नगर निगम के अभिन्न अंग हैं और शहर की स्वच्छता व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। वे नगर निगम के हाथ-पांव हैं। ऐसे कर्मचारियों को त्योहार के अवसर पर वेतन से वंचित रखना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

कंपनी की ओर से कर्मचारियों को समय पर वेतन न दिए जाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। पार्षदों ने कहा कि दीपावली प्रत्येक परिवार के लिए खुशियों का पर्व है, लेकिन कंपनी की लापरवाही के कारण सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों की दीपावली प्रभावित हुई। यह किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।

सभी 40 पार्षद महापौर दीपक बाली के समर्थन में एकजुट

प्रेस वार्ता में पार्षदों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि सभी 40 पार्षद महापौर दीपक बाली के नेतृत्व और कार्यशैली से संतुष्ट हैं तथा उनके सम्मान के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि 7 फरवरी 2025 को शपथ ग्रहण के बाद से सभी पार्षद बिना किसी भेदभाव के शहर के विकास के लिए काम कर रहे हैं। महापौर के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और शेष कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के प्रयास जारी हैं।

महापौर की छवि धूमिल करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं

पार्षदों ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा महापौर की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि शहर की जनता स्वयं विकास कार्यों को देख रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण मित्रों को वेतन न मिलने के मामले में महापौर अथवा नगर निगम की कोई गलती नहीं है, बल्कि कंपनी अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए निगम को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।

बोर्ड बैठक में कंपनी का ठेका निरस्त करने का प्रस्ताव लाने की घोषणा

पार्षदों ने घोषणा की कि शीघ्र ही महापौर से नगर निगम बोर्ड की बैठक बुलाने का अनुरोध किया जाएगा और बैठक में एमएसडब्ल्यूएम कंपनी का ठेका निरस्त करने संबंधी प्रस्ताव लाया जाएगा।

उन्होंने मांग की कि कंपनी के विरुद्ध पूरे प्रकरण की जांच कराई जाए तथा भविष्य में शहर की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी किसी ऐसी संस्था को सौंपी जाए, जो कर्मचारियों के वेतन और उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

पर्यावरण मित्रों को बकाया वेतन और बोनस दिलाने का संकल्प

अंत में पार्षदों ने दोहराया कि वे महापौर दीपक बाली के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और पर्यावरण मित्रों को उनका बकाया वेतन एवं बोनस दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के सम्मान और उनके परिवारों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

नगर निगम सभागार में हुई प्रेस वार्ता में सीमा सागर, गुंजन प्रजापति, मनोज जग्गा, पुष्कर बिष्ट, दीपा पाठक, शाह आलम, प्रिंस बाली, घनश्याम सैनी, बीना नेगी, अशोक सैनी, सतीश कुमार, सुरेश सैनी, रवि प्रजापति, अनूप प्रताप सिंह, विजय बॉबी, अनिल कुमार, मयंक मेहता, संजय शर्मा, मोनिष तथा पार्षद पति सादिक हुसैन, पूर्व पार्षद देव प्रजापति तथा हनीफ गुड्डू आदि मौजूद रहे, जबकि कुछ पार्षद नगर से बाहर होने के कारण नहीं आ पाए। एक पार्षद अब्दुल कादिर अस्पताल में भर्ती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!