November 17, 2026
file_00000000cee88211876548a9241a9e92
Kashipur Samay News
Share this news

काशीपुर।- उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर प्रदेश के यशस्वी एवं विकास की दूरदर्शी सोच रखने वाले युवा हृदय सम्राट मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई 13 महत्वपूर्ण घोषणाओं का स्वागत करते हुए काशीपुर के महापौर एवं राज्य आंदोलनकारी दीपक बाली ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए की गई घोषणाएं जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। विशेष रूप से राज्य आंदोलनकारियों की लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित करने की घोषणा सराहनीय है। युवा हृदय सम्राट होने का सशक्त परिचय देते हुए उन्होंने युवाओं के लिए युवा आयोग गठित करने की जो घोषणा की है वह अपने आप में ऐतिहासिक है।

राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का सम्मान जरूरी

महापौर दीपक बाली ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण असंख्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। पृथक राज्य की परिकल्पना करने वाले आंदोलनकारियों ने अपने व्यक्तिगत हितों को पीछे छोड़कर एक ऐसे उत्तराखंड का सपना देखा था, जहां पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी प्रदेश के विकास में योगदान दे सके। ऐसे में राज्य आंदोलनकारियों की भावनाओं और उनकी वर्षों से लंबित मांगों का सम्मान करना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है जिसे यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने निभाया है।

आंदोलनकारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल

उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति बनाने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि समिति के माध्यम से आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण के नियमों में छूट, दोहरी पेंशन तथा आश्रितों को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विचार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त वर्ष 2013-14 में नियुक्त आंदोलनकारियों से संबंधित पात्र मामलों में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन भी उम्मीद जगाने वाला है।

महिलाओं और अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि का स्वागत

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा कर उन महिलाओं के योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया है, जो जमीनी स्तर पर समाज और व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि, लखपति दीदियों को प्रोत्साहन राशि तथा छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं को सरचार्ज से राहत देने जैसे निर्णय भी आमजन के लिए महत्वपूर्ण हैं।

डिजिटल लाइब्रेरी और चिकित्सा सहायता से मिलेगा लाभ

उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद के नगरपालिका क्षेत्रों में आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय स्थापित करने, वन्यजीवों के हमलों में घायल लोगों को अतिरिक्त चिकित्सा सहायता देने तथा दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने के लिए अपुणि सरकार पोर्टल को अधिक प्रभावी बनाने की घोषणाएं प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेंगी।

धामी के नेतृत्व में जनहित के फैसले सराहनीय

दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े विषयों पर लगातार निर्णय ले रही है। राज्य स्थापना दिवस जैसे ऐतिहासिक अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों को राहत देने वाली घोषणाएं सरकार की विकासोन्मुखी सोच को प्रदर्शित करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!