नैनीताल जिले के रामनगर में नाबालिग छात्रा के साथ हुई घिनौनी हरकत और उसका वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फरार चल रहे मुख्य आरोपी फरमान सहित तीन युवकों — जीशान और शोएब — को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब तक इस प्रकरण में चार लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।
रामनगर थानाध्यक्ष सुशील कुमार के अनुसार, कुछ दिन पहले एक नाबालिग छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करने की शिकायत दर्ज की गई थी। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना पर बाकी तीनों को ग्राम चिलकिया क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। तीनों को आज अदालत में पेश किया गया है।
सुशील कुमार ने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ में अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या अश्लील सामग्री सोशल मीडिया पर साझा न करें, ऐसा करते पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
