काशीपुर को मिला नया भाजपा जिला कार्यालय, मुख्यमंत्री धामी ने की हवन पूजा व फीता काटकर शुरुआत

Share this news

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर पहुंचकर भाजपा जिला कार्यालय काशीपुर का हवन पूजा कर एवं फीता काटकर औपचारिक रूप से उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि काशीपुर भाजपा जिला कार्यालय को आज पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को समर्पित किया जा रहा है, जो एक गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि कार्यालय बनने से पार्टी के किसी भी कार्यक्रम को आयोजित करना बहुत आसान होगा। उन्होंने कहा कि इसी तरह अन्य जनपदों में भी भाजपा जिला कार्यालयों का निर्माण कराया जा रहा है, जो हम सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने नकल विरोधी कानून, लव जिहाद, लैंड जिहाद, भू-कानून, कालनेमी कानून लाकर मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून तोड़ने वालों, नकल, लव और थूक जिहाद करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में जनपद हरिद्वार के एक परीक्षा केंद्र में नकल का मामला सामने आया था, जिसका तत्काल संज्ञान लेकर नकल माफिया को जेल भेजा गया और एसआईटी जांच कराई गई, एसआईटी रिपोर्ट आने के बाद तुरंत परीक्षा निरस्त कर दी गई

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि कई युवा सरकार में नौकरी पाने का सपना देखते होंगे। मैं आज आप सभी युवाओं से कहना चाहता हूं कि आपकी मेहनत पर कोई भी नकल माफिया अब डाका नहीं डाल सकता। क्योंकि अब उत्तराखंड में सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू है। उन्होंने कहा कि आप सभी को याद होगा कि पहले किस तरह धांधली और पेपर लीक होते थे, जिससे प्रदेश के युवाओं का मनोबल गिरता था। लेकिन जब से हमने नकल विरोधी कानून बनाया, लगभग 26 हजार से अधिक अभ्यर्थी सरकारी नौकरी पाने में सफल हुए हैं। उन्होंने बताया कि हमने बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी करके राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ अपनी संस्कृति को संरक्षित करने का भी काम किया है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन विनय रूहेला, जिलाध्यक्ष मनोज पाल, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, जनपद प्रभारी पुष्कर काला, पूर्व मेयर उषा चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, मुकेश कुमार, शंकर कोरंगा, राम मेहरोत्रा, खिलेन्द्र चौधरी, भारत भूषण चुघ, सदस्य जिला पंचायत चरनजीत सिंह, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक अभय सिंह, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और जनता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!