(काशीपुर समय) काशीपुर में एक महिला ने चार प्रॉपर्टी डीलरों पर प्लॉट बेचने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने और रुपये मांगने पर अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा के आदेश पर पुलिस ने चारों डीलरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आकांक्षा गार्डन निवासी पुष्पा शर्मा पत्नी पुष्पेंद्र शर्मा ने जनता दरबार में तहरीर देते हुए बताया कि ग्राम सरवरखेड़ा क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर कमल अरोरा, सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और विनोद यादव ने ‘नव्या कंस्ट्रक्शन’ नाम से कॉलोनी विकसित की थी। डीलरों ने प्लॉट बेचकर आधी और पूरी रकम वसूल कर खरीदारों के नाम से रजिस्ट्री तथा दाखिल-खारिज भी करा दिए।
लेकिन जब पीड़ित महिला और अन्य खरीदार अपने प्लॉटों पर कब्जा लेने पहुंचे तो पता चला कि संबंधित जमीन पर किसान ने फसल बो रखी है। किसान का कहना था कि उसे अब तक जमीन का पूरा भुगतान नहीं किया गया है।
पुष्पा शर्मा के अनुसार, बीते पांच सालों से डीलरों से बार-बार संपर्क करने पर वे केवल तारीख पर तारीख देते रहे। इतना ही नहीं, रुपये मांगने पर कई बार अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया गया।
महिला की शिकायत पर चारों डीलरों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
