खटीमा: उत्तराखंड के खटीमा में ई-चालान व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। खटीमा निवासी उग्रसेन को ट्रैफिक पुलिस की ओर से ई-चालान का नोटिस भेजा गया है, जबकि चालान काशीपुर में बिना हेलमेट स्कूटी चलाती एक महिला का काटा गया था। मजे की बात यह है कि उग्रसेन के पास स्कूटी नहीं बल्कि बाइक है और वह कभी काशीपुर गया ही नहीं।
मामला 23 जून 2025 का है, जब उग्रसेन के मोबाइल पर ई-चालान का मैसेज आया। पहले तो उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया, लेकिन 11 सितंबर 2025 को जब दूसरा नोटिस मिला और 10 दिन में चालान जमा करने की चेतावनी दी गई, तो वे घबरा गए। जांच करने पर पता चला कि स्कूटी और बाइक का नंबर एक जैसा है – UK 06 Z 1319।

ऑनलाइन दस्तावेज देखने पर साफ हो गया कि स्कूटी सवार महिला का बिना हेलमेट चलाने पर चालान काटा गया था। फोटो में महिला स्पष्ट दिख रही है, लेकिन चालान का मैसेज बाइक स्वामी उग्रसेन को भेजा गया।
पीड़ित ने इस गड़बड़ी की शिकायत जिलाधिकारी, एसएसपी, काशीपुर और खटीमा पुलिस को भेजी है। उसने कहा कि वास्तविक स्कूटी स्वामी से चालान वसूला जाए, क्योंकि उसके पास स्कूटी नहीं है और वह कभी काशीपुर गया ही नहीं।
उग्रसेन ने आशंका जताई कि अगर एक ही नंबर से दो वाहन चल रहे हैं तो भविष्य में बड़ी घटना हो सकती है। फिलहाल, उसे ₹4,500 का चालान भेजा गया है, जिसमें बिना हेलमेट 1,000, बिना डीएल 2,500 और बिना बीमा 1,000 रुपये का जुर्माना शामिल है।


शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
