(काशीपुर समय) जसपुर। भाजपा नेता व पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल ने कांग्रेस विधायक आदेश चौहान पर जमकर हमला बोला। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जन आक्रोश रैली वास्तव में “विधायिका बचाव रैली” थी, जिसमें बड़े नेताओं की मौजूदगी के बावजूद जनता का सहयोग नहीं मिल सका और रैली पूरी तरह फ्लॉप रही।
डॉ. सिंघल ने चुनौती दी कि विधायक चौहान जनता के बीच खुले मंच पर आकर उनसे बहस करें। उन्होंने आरोप लगाया कि डैम क्षेत्र में चौहान ने अपनी निधि से कोई विकास कार्य नहीं कराया, जबकि स्वयं उन्होंने विधायक न होते हुए भी मंडी समिति और अन्य विभागों से सड़कें बनवाईं।
स्टेडियम और रोडवेज बस अड्डे को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस विधायक पर सवाल खड़े किए। सिंघल ने कहा कि 2014 में उन्होंने स्टेडियम के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत कराए, लेकिन 2017 में आदेश चौहान के विधायक बनने के बाद यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई। वहीं रोडवेज बस अड्डे की जमीन पर भी चौहान ने अपने नजदीकियों को लाभ पहुंचाने के लिए स्टे लगवाया, जिसे अब तक हटाया नहीं गया।
पूर्व विधायक ने कहा कि आदेश चौहान जनता की समस्याओं पर संघर्ष करने की बजाय केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं और सरकार आने की आड़ में जनता को गुमराह कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता में भाजपा के कई स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
