जसपुर में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली, धामी सरकार को घेरा

Share this news


(काशीपुर समय) जसपुर में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में जबरदस्त जनसैलाब उमड़ा। हजारों की संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने धामी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

पृथ्वीराज चौक से शुरू हुई यह रैली नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए सुभाष चौक तक पहुंची। वहां कांग्रेस नेताओं ने उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान को 6 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान ने कहा कि जसपुर की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने रोडवेज बस स्टैंड, पॉलीटेक्निक, स्टेडियम निर्माण, भोगपुर को राजस्व ग्राम घोषित करने और पेयजल योजना जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

रैली को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, काजी निजामुद्दीन और अन्य नेताओं ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है, महंगाई ने जनता को त्रस्त कर दिया है और सरकार केवल जश्न मनाने में व्यस्त है।

नेताओं ने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव में भाजपा ने धनबल और बाहुबल का खुला प्रयोग किया। वहीं यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस जनता की सच्ची प्रतिनिधि है और आगामी चुनाव में कांग्रेस जीत का परचम लहराएगी।

रैली में आदेश चौहान, यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, काजी निजामुद्दीन, संदीप सैनी, मनोज जोशी, पूजा सिंह समेत दर्जनों दिग्गज नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस ने इस रैली से साफ संदेश दिया है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में वह जनता के मुद्दों पर मजबूती से सरकार को घेरने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!