काशीपुर। चन्द्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर में 18 सितम्बर 2025 को हिन्दी विभाग की ओर से हिन्दी दिवस के अवसर पर हिन्दी पखवाड़ा बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय की प्राचार्या डाॅ0 कीर्ति पन्त एवं हिन्दी विभागाध्यक्ष एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ0 दीपिका गुड़िया आत्रेय ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने हिन्दी गीत, कविताएं और हिन्दी साहित्य के महान कवियों की रचनाओं का मनमोहक काव्य पाठ प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त हिन्दी भाषा ज्ञान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डाॅ0 दीपिका गुड़िया आत्रेय ने हिन्दी के उद्भव, विकास और महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिन्दी हमारी मातृभाषा है, इसे गर्व के साथ अपनाना और इसका प्रचार-प्रसार करना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या डाॅ0 कीर्ति पन्त ने हिन्दी भाषा को शोध एवं तकनीकी ज्ञान की भाषा के रूप में प्रतिष्ठित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हिन्दी केवल भाषा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और अस्मिता का प्रतीक है, जो पूरे देश को एक सूत्र में बाँधती है। उन्होंने सभी से हिन्दी भाषा का सम्मान करने और हिन्दी साहित्यकारों के योगदान को स्मरण करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ0 वन्दना सिंह, डाॅ0 रमा अरोरा, असि0 प्रोफेसर डाॅ0 दीपा चनियाल, डाॅ0 अंजलि गोस्वामी, डाॅ0 गीता मेहरा, डाॅ0 मंगला, डाॅ0 ज्योति गोयल, डाॅ0 ज्योति रावत, श्रीमती प्राची धौलाखण्डी, डाॅ0 पुष्पा धामा, श्रीमती शीतल अरोरा, श्रीमती कृति टण्डन, श्री विजेन्द्र कुमार एवं सृष्टि सिंह सहित महाविद्यालय के अनेक अध्यापक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
हिन्दी पखवाड़े का यह आयोजन हिन्दी भाषा की समृद्धि, महत्व और गौरव को याद दिलाने वाला रहा, जिसने सभी को मातृभाषा के सम्मान और उसके प्रचार-प्रसार का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।



शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
