13 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या, गन्ने के खेत से बरामद हुआ शव

Share this news

जसपुर (काशीपुर समय) – जसपुर में एक 13 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। हवस के भेड़िये ने बच्ची के हाथ की हड्डियां तोड़ डाली और चाकू से पेट और हाथों पर दर्जनों वार कर उसकी जान ले ली और उसके शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया।
आपको बता दें कि जसपुर के ग्राम अमियावाला में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। सरकारी अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आशु सिंघल ने बताया कि शाम 5ः00 बजे ग्राम अमियावाला के कुछ लोग एक नाबालिग बच्ची को लेकर अस्पताल परिसर में आए, बच्ची के मुंह से झाग निकल रहा था तथा पेट एवं हाथों पर दर्जनों चाकू के निशान थे, उसका पजामा खून में सना था और उसके बांये हाथ की दोनों हड्डियां टूटी हुई थी। वहीं, बच्ची के परिजनों ने बताया कि उनकी 13 साल की बच्ची का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला।

सीओ दीपक कुमार सिंह ने बताया कि जसपुर कोतवाली पुलिस द्वारा उन्हें यह सूचना मिली है, मामले की जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


विधायक आदेश चौहान ने प्रेस को बताया कि उन्हें नाबालिग बच्ची के बलात्कार के बाद धारदार हथियार से हत्या करने का मामला संज्ञान में आया। वे तुरंत सारे काम काज छोड़कर सरकारी अस्पताल पहुंचे, यहां उन्हें पता चला कि नाबालिग बच्ची का रेप कर उसे मार दिया गया है और उसका शव गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। उन्होंने कहा कि वह पुलिस पर दबाव बनाएंगे कि दोषी व्यक्ति पर कार्यवाही हो, उसे दंड दिया जाए।


वहीं, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने सरकारी अस्पताल परिसर में बताया कि उन्हें नाबालिग बच्ची के साथ हुई इस घटना की जानकारी मिली। वह अपने स्तर से दोषियों को पकड़वाने एवं दंड दिलाये जाने को प्रयास करेंगे। खबर लिखे जाने तक मौके पर ग्राम अमियावाले के लोगों ने हाइवे जाम कर रखा था एवं सरकारी अस्पताल के आगे भी मार्ग अवरुद्ध कर रखा था। लोगों की यही मांग थी कि दोषी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो।

उधर, विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक डॉक्टर शैलेंद्र मोहन सिंघल, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल, उत्तराखंड आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष दर्जा राज्य मंत्री विनय रुहेला, नगर पालिका अध्यक्ष नौशाद सम्राट आदि ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!