रुद्रपुर। आयुक्त कुमाऊँ मण्डल/अध्यक्ष जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण दीपक रावत ने जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों व पुराने वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आम जनता को परेशानी न हो।

भवन मानचित्र प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
मण्डलायुक्त ने भवन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए ई-मानचित्र प्रणाली में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में निर्णय लेने के निर्देश दिए। साथ ही प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति और राजस्व वसूली की समीक्षा कर वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को कहा।
निर्माणाधीन कार्यालय भवन का किया निरीक्षण
इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में लगभग 17.71 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय भवन का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने एनएच-87 पर डीडी चौक से त्रिशूल चौक तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा जन-शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
