हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा: ई-रिक्शा की टक्कर से व्यापारी की मौत, CCTV फुटेज आया सामने

Share this news

KASHIPUR SAMAY NEWS

Share this news

हल्द्वानी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यापारी की जान चली गई। यह हादसा कोतवाली क्षेत्र के नवाबी रोड चौराहे के पास शुक्रवार देर शाम हुआ, जहां सड़क पार कर रहे व्यापारी नरेश चंद्र तिवारी को तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने जोरदार टक्कर मार दी। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि नरेश चंद्र तिवारी सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल कारोबारी को तुरंत बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। मृतक की पत्नी एलआईयू (Local Intelligence Unit) में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।


हादसे के बाद से ई-रिक्शा चालक फरार है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि ई-रिक्शा एक महिला चला रही थी, जिसे ट्रेस किया जा रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि नवाबी रोड चौराहे पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!