प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों के मद्देनज़र उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) अब एक स्वतंत्र विशेषज्ञ संस्था की सेवाएं लेने जा रहा है। यह संस्था अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर उपभोक्ताओं के घरों पर लगे स्मार्ट मीटरों की जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट यूपीसीएल मुख्यालय को सौंपेगी।
यूपीसीएल के अनुसार, प्रदेश में अब तक चार लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। कई स्थानों पर अधिक बिजली बिल की शिकायतें सामने आई हैं, जिस पर यूपीसीएल लगातार निगरानी रखे हुए है। विभाग का कहना है कि उत्तराखंड पहुंचने वाले सभी स्मार्ट मीटर एनएबीएल से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में जांच के बाद ही मंगाए जा रहे हैं। इसके अलावा, उपभोक्ता के घर में लगाए जाने से पहले भी मीटरों की दोबारा जांच कराई जा रही है।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि विशेषज्ञ संस्था द्वारा दी जाने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि कहीं कोई तकनीकी खामी पाई जाती है तो मीटर लगाने वाली कंपनियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक लगाए गए मीटरों के खराब होने या फुंकने की दर नगण्य है। फिर भी यदि किसी उपभोक्ता का मीटर खराब होता है तो उसे बिना किसी शुल्क के बदला जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य पूरी तरह नि:शुल्क किया जा रहा है और इसके लिए उपभोक्ताओं से कोई पैसा नहीं लिया जा रहा।
मिनटों में जारी हो रहा लाखों उपभोक्ताओं का बिल
स्मार्ट मीटर लगने से यूपीसीएल को भी बड़ा लाभ मिला है। पहले जहां घर-घर जाकर रीडिंग के आधार पर पूरे महीने में बिल जारी होते थे, अब वही बिल मिनटों में एक ही दिन में जारी किए जा रहे हैं। हाल ही में यूपीसीएल ने करीब 3.88 लाख उपभोक्ताओं का बिल एक ही दिन में जारी किया। यह बिल उपभोक्ताओं को व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसका भुगतान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकता है।
Smart Meter UPCL Uttarakhand Power Corporation Electricity Bill Power Supply Dehradun News Consumer Facility,

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
