काशीपुर में मकर संक्रांति पर ‘उत्तराखंड हाट’ का भव्य शुभारंभ
काशीपुर। रामनगर रोड स्थित रामलीला ग्राउंड में भारत विकास परिषद देवभूमि शाखा के तत्वावधान में मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित “उत्तराखंड हाट” का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक त्रिलोक सिंह चीमा एवं महापौर दीपक बाली की पत्नी श्रीमती उर्वशी दत्त बाली ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व अतिथियों का देवभूमि शाखा की ओर से पिछौरा पहनाकर स्वागत किया गया।
देवभूमि शाखा अध्यक्षा डॉ. शिखा चौहान ने बताया कि मेले का आयोजन महिलाओं की छुपी प्रतिभा और हुनर को निखारने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से किया गया है। मेले में दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, चंदौसी सहित स्थानीय महिलाओं द्वारा लगाए गए 50 से अधिक स्टालों पर हस्तनिर्मित वस्तुएं, स्थानीय उत्पाद, परिधान, ज्वैलरी, पर्स एवं खान-पान की सामग्री प्रदर्शित की गई।

नगर निगम की ओर से ‘नई उड़ान’ एनजीओ तथा ‘ख्वाहिश’ एनजीओ द्वारा भी स्टाल लगाए गए। एनजीओ प्रतिनिधियों ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए अपने उत्पादों की विशेषताओं की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने महिला उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया अभियान को मजबूती प्रदान करते हैं। वहीं उर्वशी दत्त बाली ने मेले में सजी दुकानों का भ्रमण कर उत्पादों की गुणवत्ता की प्रशंसा की और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
सचिव अनुजा अग्रवाल ने बताया कि मेले में प्रत्येक घंटे लकी ड्रा निकाला गया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की पुरुष शाखा के पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
