काशीपुर: किसानों का धरना तीसरे दिन भी जारी, भुगतान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
अपनी विभिन्न मांगों को लेकर किसानों का धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। कड़ाके की ठंड के बीच धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने एक स्वर में कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
चीमा चौराहा के निकट क्रय-विक्रय सहकारी समिति कार्यालय के बाहर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) से जुड़े किसान लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों की मुख्य मांग बीते अक्तूबर माह में तौल केंद्रों पर तौले गए धान को पोर्टल पर अपलोड कर भुगतान कराए जाने की है। किसानों का आरोप है कि अब तक करीब 12 हजार कुंतल धान का भुगतान नहीं किया गया है। काशीपुर ब्लॉक के 12 तौल केंद्रों पर यह धान तौला गया था।
धरना स्थल पर किसानों से वार्ता करने पहुंचे विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा के साथ लगभग तीन घंटे तक चली बातचीत भी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। किसानों ने पूरे मामले की एसआईटी जांच कराए जाने की मांग रखी।
संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय सदस्य जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि यदि शीघ्र किसानों का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं भाकियू युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह जीतू ने कहा कि धान पोर्टल पर अपलोड न होने के कारण किसानों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है।
मंडी समिति की रीजनल मार्केटिंग ऑफिसर लता मिश्रा भी धरना स्थल पर पहुंचीं और किसानों से वार्ता कर राइस मिलर्स की बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। इससे पहले मंगलवार रात एसडीएम अभय प्रताप सिंह और तहसीलदार पंकज चंदोला ने भी किसानों से बातचीत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
धरना स्थल पर मनप्रीत सिंह, अविनाश सिंह, लवप्रीत सिंह, गुरविंदर सिंह, उदित शर्मा, सतनाम सिंह, गुरमुख सिंह, गुरमीत सिंह, दिलबाग सिंह, समर पाल सिंह, ज्ञान सिंह, सुखवीर सिंह, प्यारा सिंह, दलवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Farmer Protest Paddy Procurement Government Portal Farmers Crisis No Payment Paddy Not Uploaded MSP Uttarakhand News Kisan Andolan Agriculture News Rural Crisis Farmers Rights Procurement Failure,

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
