काशीपुर – धान तुला लेकिन पैसा नहीं मिला, समिति के खिलाफ किसानों का जोरदार प्रदर्शन – No Money After Paddy Sale, Angry Farmers Stage Massive Protest

Share this news

KASHIPUR SAMAY NEWS

Share this news

सरकारी पोर्टल पर धान न चढ़ने से किसान आक्रोशित, कड़ाके की ठंड में धरना जारी


काशीपुर संवाददाता आकाश गुप्ता
सरकारी खरीद प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही के चलते काशीपुर क्षेत्र के किसानों में भारी रोष व्याप्त है। राइस मिलों को धान देने के बावजूद हजारों क्विंटल धान सरकारी पोर्टल पर दर्ज न होने और तीन महीने बीत जाने के बाद भी भुगतान न मिलने से नाराज किसानों ने कटोराताल स्थित क्रय-विक्रय समिति के मुख्य गेट पर कड़ाके की ठंड में रातभर धरना दिया।


105 किसानों का 21,500 क्विंटल धान अब तक पोर्टल पर नहीं चढ़ा
किसानों ने बताया कि समिति द्वारा आवंटित राइस मिलों में उनका धान अक्टूबर माह में ही तुलवा लिया गया था, लेकिन संबंधित पर्चियां अब तक सरकारी पोर्टल पर अपलोड नहीं की गईं। जानकारी के अनुसार काशीपुर क्षेत्र के 105 किसानों का करीब 21,500 क्विंटल धान अब तक पोर्टल पर दर्ज नहीं हुआ है, जबकि पोर्टल 31 दिसंबर को बंद होने जा रहा है।

भुगतान न मिलने से किसानों पर आर्थिक संकट


धान का भुगतान न मिलने से किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि तीन महीने से पैसे न मिलने के कारण 40-40 हजार रुपये तक के बिजली बिल बकाया हो गए हैं, जिन पर सरकार द्वारा ब्याज भी लगाया जा रहा है। कई किसानों को बच्चों की फीस भरनी है तो कई किसान अपने परिजनों के इलाज को लेकर परेशान हैं।

आंदोलन और चक्का जाम की चेतावनी


धरने पर बैठे किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनके धान को सरकारी पोर्टल पर नहीं चढ़ाया गया और भुगतान की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने और चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। किसानों ने यह भी बताया कि अभी और भी कई किसान ऐसे हैं जिनका धान पोर्टल पर दर्ज नहीं हुआ है।

किसान नेता धरने पर डटे


धरनास्थल पर किसान नेता जितेन्द्र सिंह जीतू, दयाल सिंह, गुलाब सिंह, जय सिंह गौतम, दीपक चौधरी, जोगेन्द्र सिंह, दर्शन सिंह देओल, राजू छीना, मलकीत सिंह, बलवंत सिंह, इंदर सिंह, कल्याण सिंह सहित दर्जनों किसान डटे रहे और प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग करते रहे।

Farmer Protest Paddy Procurement Government Portal Farmers Crisis No Payment Paddy Not Uploaded MSP Uttarakhand News Kisan Andolan Agriculture News Rural Crisis Farmers Rights Procurement Failure

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!