हल्द्वानी – अंकिता को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरी आम आदमी पार्टी

Share this news

काशीपुर समय हिन्दी समाचार पत्र एवं पोर्टल

Share this news

हल्द्वानी।
उत्तराखंड की दिवंगत बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आज 26 दिसंबर 2025 को बुद्ध पार्क, हल्द्वानी में आम आदमी पार्टी (उत्तराखंड) द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।


आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में भाजपा की सरकार अपराधियों को संरक्षण देकर अंकिता हत्याकांड जैसे जघन्य अपराधों को दबाने का प्रयास कर रही है, जिसके कारण आज तक पीड़िता को न्याय नहीं मिल पाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि महिलाओं, बच्चों, गरीबों, दलितों और वंचित वर्गों के खिलाफ हो रहे अन्याय, शोषण और अत्याचार को अब और सहन नहीं किया जाएगा।


प्रदर्शनकारियों ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के नारे को भाजपा सरकार का खोखला जुमला बताते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों के साथ हो रहे अपराधों ने सरकार की कथनी और करनी का अंतर उजागर कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए यह लड़ाई आखिरी दम तक जारी रहेगी।


पार्टी ने सरकार से मांग की कि अंकिता हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंपी जाए तथा सिटिंग जज की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोषी चाहे कितना ही बड़ा पदाधिकारी क्यों न हो, उसे कठोर से कठोर सजा देकर जेल भेजा जाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन अब रुकने वाला नहीं है और आम आदमी पार्टी हर अत्याचार के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी।


इस विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के अनेक पूर्व पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें श्रीकांत खंडेलवाल, डी.एस. कोटलिया, श्रीमती मंजू तिवारी, अब्दुल कादिर, श्रीमती मोहिनी देवी, देवेंद्र कुमार, श्रीमती अनीता उपाध्याय, कुमारी तन्वी ठाकुर, साकिर हुसैन, चांद बाबू, अनवर हुसैन अंसारी, पंकज कुमार, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद फैजान, सूरज कुमार, संजय कश्यप, दीप पांडे सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।


आम आदमी पार्टी ने दो टूक कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाकर ही यह संघर्ष रुकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!