काशीपुर की शान बनेगा महाराणा प्रताप चौक, महापौर दीपक बाली ने किया निरीक्षण – Mayor Deepak Bali Inspects Maharana Pratap Chowk, Calls It the Upcoming Pride of Kashipur

Share this news

काशीपुर समय हिन्दी समाचार पत्र एवं पोर्टल

Share this news

काशीपुर समय शहरयार आसिम
शहर के प्रमुख चौराहे महाराणा प्रताप चौक के भव्य सौंदर्यकरण की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। महापौर दीपक बाली ने संबंधित अधिकारियों के साथ चौराहे का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि सभी औपचारिकताएं पूर्ण होते ही फरवरी माह से सौंदर्यकरण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि महाराणा प्रताप चौक काशीपुर की आन, बान और शान है। इसे इस प्रकार विकसित किया जाएगा कि देखने वाला हर व्यक्ति प्रभावित हुए बिना न रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के काशीपुर को निरंतर स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद मिल रहा है। उनके मार्गदर्शन में पूरे काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को साफ नजर आए कि काशीपुर बदल रहा है।


निरीक्षण के दौरान दिन में लगभग 11 बजे महापौर महाराणा प्रताप चौक पहुंचे। उनके साथ पेयजल परियोजना प्रबंधक एवं अधिशासी अभियंता प्राधिकरण नरेंद्र नवानी तथा पेयजल निगम के आर्किटेक्ट हेम जोशी मौजूद रहे। महापौर ने अधिकारियों को पूरे चौराहे का निरीक्षण कराकर यह बताया कि कहां और किस प्रकार का सौंदर्यकरण किया जाना है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि महापौर की अपेक्षाओं से भी बेहतर सौंदर्यकरण किया जाएगा और कार्य में तेजी लाई जाएगी।


महापौर ने स्पष्ट किया कि सौंदर्यकरण का कार्य संबंधित सरकारी विभागों द्वारा किया जाएगा, जिसमें नगर निगम सहयोगी की भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सौंदर्यकरण के नाम पर चौड़ीकरण के लिए कहीं भी किसी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं की जाएगी। इस क्षेत्र में पौधारोपण, फैंसी लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी और गुरुद्वारे के निकट होने के कारण आरओबी के नीचे श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीमित पार्किंग क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा।


एक सवाल के जवाब में महापौर ने बताया कि शहर में क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को बदलने की प्रक्रिया चल रही है और विद्युत विभाग द्वारा 1000 नए पोल खरीदने की व्यवस्था की गई है। बार-बार सड़कों की खुदाई पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि जनता को किसी भी हालत में परेशान नहीं होने दिया जाएगा। यदि कोई विभाग नगर निगम को विश्वास में लिए बिना सड़कों को तोड़ता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, आवश्यकता पड़ी तो मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। साथ ही सड़क खोदने वाले विभाग को यह स्पष्ट करना होगा कि वह निर्धारित समय सीमा में सड़क को दुरुस्त करेगा।
महापौर ने दोहराया कि काशीपुर को एक सुव्यवस्थित, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!