काशीपुर (उधम सिंह नगर)।
उत्तराखंड की शांत वादियों में रोज़ी-रोटी की तलाश में कश्मीर से आए एक गरीब फेरीवाले के साथ काशीपुर के मानपुर रोड क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पीड़ित युवक अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए फेरी लगाकर जीवन यापन कर रहा था।
आरोप है कि कुछ शरारती तत्वों ने युवक को जबरन धार्मिक नारे लगाने के लिए मजबूर किया। जब उसने ऐसा करने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया

वीडियो का संज्ञान लेते हुए उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। SSP के आदेश पर कोतवाली काशीपुर में FIR संख्या 517/25 दर्ज की गई।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 115(2), 351(3), 352, 304, 62, 292 व 126(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
