रुद्रपुर — पुलिस की सख्ती से अपराधियों में दहशत, मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

Share this news

काशीपुर समय हिन्दी समाचार पत्र एवं पोर्टल

Share this news


काशीपुर समय शहरयार आसिम
रुद्रपुर।– ऊधम सिंह नगर में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस का अभियान तेज कर दिया गया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के चार्ज संभालने के बाद से लगातार हो रही मुठभेड़ों और गिरफ्तारियों ने अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी बदमाश गुरबाज सिंह उर्फ मानू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस को देखते ही करने लगा फायरिंग
बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गुरबाज सिंह गुलरभोज क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद गदरपुर थाना पुलिस और गुलरभोज चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर पुलिस ने भी जवाबी फायर किया। गोली उसके दाहिने पैर में लगी और पुलिस ने मौके से आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा बरामद किया है।

थानाध्यक्ष पर भी कर चुका है जानलेवा हमला
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी पर ऊधम सिंह नगर और उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास, लूट, राहजनी, बलवा सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्ष 2019 में गुरबाज ने नानकमत्ता थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष पर भी गोली चलाई थी।

25 मई की वारदात के बाद घोषित हुआ था इनाम
गदरपुर के ग्राम कलकत्ता निवासी बलजीत सिंह ने 25 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई बलविंदर सिंह पर गुरबाज सिंह और उसके साथी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने गुरबाज पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया था।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की। पुलिस की सख्त कार्रवाई को देखकर आरोपी बुरी तरह सहम गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!