नर्सिंग भर्ती विवाद गरमाया – CM आवास कूच के दौरान भिड़े पुलिस और अभ्यर्थी

Share this news

काशीपुर समय हिन्दी समाचार पत्र एवं पोर्टल

Share this news

देहरादून। नर्सिंग एकता मंच के आह्वान पर सोमवार को सैकड़ों बेरोजगार अभ्यर्थियों ने लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेड लगाकर रोक दिया। रोकने के दौरान करीब दो घंटे तक प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की और बहसबाजी होती रही। स्थिति कई बार तनावपूर्ण हो गई।

तनाव उस समय और बढ़ गया जब एक महिला अभ्यर्थी ने आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठने लगे और विरोध और उग्र हो गया।

बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस ने कई अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया और बाद में वैन से एकता विहार क्षेत्र तक छोड़ दिया।

आंदोलित अभ्यर्थियों की मांगें
नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में—

वर्षवार भर्ती प्रारंभ,
आयु सीमा में ढील,
लंबित रिक्तियों पर कार्यवाही,
और पिछली भर्तियों की जांच शामिल है।

उन्होंने बताया कि इन्हीं मांगों को लेकर संगठन कई दिनों से धरने पर बैठा है और सोमवार को बड़े स्तर पर मुख्यमंत्री आवास घेराव करने का निर्णय लिया गया था।

कूच के दौरान कांग्रेस, यूकेडी, बेरोजगार संघ और स्वाभिमान मोर्चा सहित विभिन्न संगठनों के नेता भी समर्थन में पहुंचे। मंच का आरोप है कि शांतिपूर्ण मार्च के बावजूद पुलिस ने अनावश्यक आक्रामकता दिखाई और प्रदर्शनकारियों से बदसलूकी की। महिला पुलिसकर्मी द्वारा थप्पड़ मारे जाने की घटना को मंच ने “अत्यंत शर्मनाक” बताते हुए दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी
घटना के बाद अभ्यर्थियों में रोष व्याप्त है। मंच ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और कठोर रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!