सहसपुर (देहरादून) – काशीपुर समय शहरयार आसिम
उत्तराखंड में स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार सुबह सहसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धलानी में संस्कार स्कूल की बस एक बड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई। बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, हालांकि गनीमत रही कि बच्चों ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस ड्राइवर बच्चों को उतारने के दौरान वाहन को बिना हैंडब्रेक लगाए खड़ा छोड़कर वहां से चला गया। ढलान होने के कारण बस अचानक नीचे की ओर बढ़ने लगी और देखते ही देखते अनियंत्रित होकर खाई में जा समाई।
बस के आगे बढ़ते ही छात्रों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन होशियारी दिखाते हुए बच्चों ने चलती बस से कूदकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य किया।
इस घटना ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षित ड्राइवरों की जिम्मेदारी को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
